मुख्य समाचार

बिहार का जीएसटी कलेक्शन पिछले माह से 15.5 प्रतिशत कम

नई दिल्ली। बिहार का जीएसटी संग्रह सितंबर, 2021 में 876 करोड़ रुपए रहा। यह राशि सितंबर 2020 की तुलना में 12 फीसदी कम है। सितंबर, 2020 में संग्रह 996 करोड़ रुपए था। अगस्त 2021 की तुलना में भी बिहार का जीएसटी संग्रह सितंबर में 15.5 प्रतिशत कम हुआ है। पिछले माह संग्रह 1037 करोड़ था।   

राष्ट्रीय स्तर पर सितंबर, 2021 में जीएसटी से राजस्व संग्रह 1,17,010 करोड़ रुपये रहा। इसमें सीजीएसटी 20,578 करोड़ रुपए, एसजीएसटी 26,767 करोड़ रुपये, आईजीएसटी 60,911 करोड़ रुपए और सेस 8754 करोड़ रुपए शामिल है। सितंबर 2021 का राजस्व संग्रह पिछले साल के इसी महीने से 23 प्रतिशत अधिक है।

पड़ोसी राज्य झारखंड ने सितंबर 2021 में पिछले साल की तुलना में 33 प्रतिशत की बढ़त हासिल करते हुए 2198 करोड़ रुपए का संग्रह किया है। पश्चिम बंगाल ने जहां 11 प्रतिशत, वहीं ओडिसा ने 40 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है। देश में चालू वर्ष की दूसरी तिमाही में औसत मासिक जीएसटी संग्रह 1.15 लाख करोड़ रुपये रहा। यह इस वर्ष की पहली तिमाही में हुए औसत मासिक संग्रह 1.10 लाख करोड़ की तुलना में पांच प्रतिशत अधिक है।

इससे स्पष्ट है कि अर्थव्यवस्था में तेजी से सुधार हो रहा है। इसके अलावा आर्थिक वृद्धि और कर अपवंचना निरोधक गतिविधियों का भी असर पड़ा है। विशेष रूप से फर्जी बिल बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई ने जीएसटी संग्रह की वृद्धि में योगदान दिया है। केंद्र ने राज्यों को उनके जीएसटी राजस्व अंतर की भरपाई के लिए 22,000 करोड़ रुपये की जीएसटी क्षतिपूर्ति भी जारी की है।

 


संबंधित खबरें