पटना। महावीर हार्ट हॉस्पिटल में डायलिसिस की भी सुविधा शुरू हो गई है। रोटरी पाटलिपुत्र के सहयोग से अस्पताल में डायलिसिस और वेंटिलेटर मशीन लगी है। इस सुविधा का उद्घाटन महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल और जस्टिस पी.के. सिन्हा ने किया। इस मौके पर रोटरी क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रतीम बनर्जी मौजूद थे।
महावीर हार्ट हॉस्पिटल के निदेशक डॉ किशोर जोशी ने बताया कि हार्ट सर्जरी, एंजियोप्लास्टी और एंजियोग्राफी के बाद कई मरीजों को डायलिसिस की जरूरत पड़ती है। इसी तरह किडनी के मरीजों को हार्ट की परेशानी होती है। इसलिए हार्ट हॉस्पिटल में डायलिसिस की सुविधा जरूरी है।
लगभग 25 लाख रुपए की लागत से शुरू की गई दोनों सुविधाओं के उद्घाटन के अवसर पर रोटरी ग्लोबल ग्रांट के चेयरमैन विपिन चाचान ने कहा कि महावीर अस्पताल में रोटरी की ओर से यह तीसरा ग्रांट प्रोजेक्ट है। महावीर आरोग्य संस्थान में भी डायलिसिस सेंटर चल रहा है।
हाल ही में महावीर वात्सल्य अस्पताल में नया कंपोनेंट सेपरेटर ब्लड सेंटर स्थापित किया गया है। वात्सल्य अस्पताल भवन में नया आई हॉस्पिटल भी रोटरी क्लब के सहयोग से शुरू होने वाला है। किशोर कुणाल ने महावीर मंदिर की ओर से महावीर वात्सल्य अस्पताल को नई वेंटिलेटर मशीन देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में रोटरी पाटलिपुत्र के अध्यक्ष जयप्रकाश तोदी, महावीर अस्पतालों के निदेशक प्रमुख डॉ एस.सी.मिश्रा, रोटरी पाटलिपुत्र के सुचंदा बनर्जी, नवीन गुप्ता, अशोक अग्रवाल, अनिल रिटोलिया, अंजनी सिन्हा, महावीर वात्सल्य अस्पताल के निदेशक डॉ एस.एन.सिन्हा, अपर निदेशक डॉ लखींद्र प्रसाद, महावीर हार्ट हॉस्पिटल के डॉ प्रभात कुमार, डॉ प्रमोद कुमार, डॉ नासर एवं स्वरूप दत्ता मौजूद थे।