पटना सिटी। तख्त पटना साहिब में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पत्नी सविता कोविंद एवं पुत्री स्वाति ने माथा टेका। तख्त साहिब प्रबंधक कमिटी ने उन्हें गुरु गोविंद सिंह का फोटो युक्त स्मृति चिन्ह एवं कृपाण भेंट किया। जत्थेदार रणजीत सिंह गौहर ने सिरोपा पहनाया।
राष्ट्रपति इससे पहले बिहार के राज्यपाल रहते यहां कई बार आ चुके हैं। राष्ट्रपति को जनवरी,2022 में होने वाले गुरु तेग बहादुर के 400 साला पर्व का निमंत्रण भी दिया गया। कमिटी ने उन्हें एक मांग पत्र सौंपा है। इसमें गुरु गोविंद सिंह के नाम पर एक यूनिवर्सिटी बनाने एवं किसानों के मसलों को शीघ्र हल करने की अपील की गई है। जेल में बंद वैसे सिख कैदियों की रिहाई की मांग की गई है, जिनकी सजा पूरी हो गई है।

तख्त पटना साहिब प्रबंधक कमिटी के अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह हित, महासचिव इंद्रजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह एवं सदस्य गुरविंदर सिंह ने राष्ट्रपति का गुलाब के फूल से स्वागत किया।