मुख्य समाचार

जांच में मिली 100 करोड़ रुपए की बेहिसाब आय, 5.71 करोड़ कैश जब्त

पटना/नई दिल्ली। आयकर विभाग ने बिहार के प्रमुख सड़क निर्माण ठेकेदार राकेश सिंह के खिलाफ कार्रवाई में 5.71 करोड़ रुपए कैश जब्त किया है। दस बैंक लॉकरों पर रोक लगा दी गई है। फिक्स्ड डिपॉजिट में किए गए लगभग 60 करोड़ रुपये के निवेश की जांच अभी जारी है। तलाशी की इस कार्रवाई में अब तक करीब 100 करोड़ रुपए की बेहिसाब आय की जानकारी मिली है।

ठेकेदार राकेश सिंह अमहरा कंस्ट्रक्शन के मालिक हैं। आयकर विभाग की टीम ने 27 अक्टूबर से ठेकेदार के बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल स्थित विभिन्न परिसरों में जांच शुरू की थी। आयकर अन्वेषण महानिदेशालय,पटना ने इस मामले में रिपोर्ट केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) को सौंप दी है।   

जांच में यह भी जानकारी मिली है कि यह समूह सामान की खरीद पर अधिक खर्च दिखाकर अपने मुनाफे को छिपा रहा था। अतिरिक्त सामान बाजार में नगद में बेचा गया, लेकिन प्राप्त नगद का कोई लेखा-जोखा नहीं है।

इस समूह की सहायता करने वाले कमीशन एजेंटों के परिसर से कई डायरी एवं आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं। यह भी पाया गया कि समूह के पास उचित बही-खाता भी नहीं है। दस्तावेज से कई जगहों पर अचल संपत्तियों में निवेश की जानकरी मिली है। फर्जी बिल के जरिए कमीशन एजेंट और आपूर्तिकर्ताओं ने भी करोड़ों की आय पर टैक्स चोरी की है।

 


संबंधित खबरें