मुख्य समाचार

लोक आस्था का महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ शुरू

पटना। लोक आस्था का महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिवसीय अनुष्ठान के पहले दिन (8 नवंबर) श्रद्धालुओं ने चावल, चने की दाल एवं कद्दू की सब्जी प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।

दूसरे दिन यानी नौ नवंबर को खरना होगा। इस दिन दूध एवं गुड़ से बनी खीर और घी युक्त रोटी प्रसाद के रूप में लिया जाएगा। 10 नवंबर को अस्त एवं 11 नवंबर को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ अनुष्ठान समाप्त हो जाएगा।

महापर्व में उपयोग होने वाले सामान को लेकर बाजार में काफी चहल-पहल रही। राजधानी की प्रमुख सब्जी मंडी अंटा घाट, मीठापुर, अगमकुआं एवं फल मंडी बाजार समिति में अहले सुबह से ही भीड़ देखी गई। ऐसी ही स्थिति गेहूं की पिसाई को लेकर आटा मिल में रही।         

जरूरतमंदों में पूजन सामग्री वितरण में स्वयंसेवी संस्थाएं एवं उद्यमी भी पीछे नहीं रहे। बादशाह अगरबत्ती, इरा वीमेन वेलफेयर सोसायटी एवं रौनियार वैश्य महासभा ने छठव्रतियों में सामान वितरित किया।

छठ व्रत के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन भी सजग है। घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं एवं भीड़ को नियंत्रित करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। नगर निगम की ओर से कई जगहों पर टैंकर के जरिए गंगा जल की व्यवस्था की गई है।

 


संबंधित खबरें