मुख्य समाचार

वाणिज्य-कर विभाग को मिला स्कॉच गवर्नेंस सिल्वर अवार्ड

पटना। वाणिज्य-कर विभाग को स्कॉच गवर्नेंस सिल्वर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। विभाग ने डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट सिस्टम प्रणाली को अपनाते हुए अभिलेखों का केंद्रीयकृत डिजिटल एवं भौतिक भंडारण कराया था।

स्कॉच गवर्नेंस गोल्ड अवार्ड बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसायटी को ई-लोक सेवा अधिकार सेवा के लिए मिला है। स्कॉच अवार्ड गुड गवर्नेंस और सार्वजनिक सेवा प्रदायगी के क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए दिया जाता है।

डिप्टी सीएम सह वाणिज्य-कर मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने इस उपलब्धि के लिए विभागीय आयुक्त सह सचिव डॉ प्रतिमा, पदाधिकारी एवं अन्य कर्मियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार विभागीय पदाधिकारी, अन्य कर्मियों की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है। इससे विभाग को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

जीएसटी लागू होने के पहले वाणिज्य-कर विभाग आठ विभिन्न अधिनियम के अधीन कार्य करता था। इससे संबंधित भौतिक अभिलेख वाणिज्य-कर अंचल कार्यालयों में भंडारित किए जाते थे। इस तरह के डॉक्यूमेंट की संख्या 12 करोड़ से अधिक थी। विभाग ने इन सभी डॉक्यूमेंट का सुरक्षित केंद्रीयकृत भौतिक भंडारण एवं डिजिटाइजेशन करने का निर्णय लिया। इस कार्य को डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से किया गया।

इस प्रोजेक्ट के माध्यम से 85 से अधिक वाणिज्य-कर कार्यालयों के 12 करोड़ से अधिक डॉक्यूमेंट को प्राप्त किया गया। सभी का सुरक्षित केंद्रीयकृत भौतिक भंडारण कर चार करोड़ से अधिक डॉक्यूमेंट का डिजिटल भंडारण किया गया है।

इससे वाणिज्य-कर कार्यालयों में पदाधिकारी एवं अन्य कर्मियों के कार्य करने के लिए अधिक जगह उपलब्ध हो गई। साथ ही डिजिटाइज डॉक्यूमेंट को वेब पोर्टल पर देखने, कर विवाद एवं बकाया राशि से संबंधित कार्यों में भी शीघ्र मदद प्राप्त हुई। कोरोना काल में इस सिस्टम से विभागीय पदाधिकारियों को काफी सहायता मिली।

 

 


संबंधित खबरें