पटना। क्रिसमस के अवसर पर राज्यवासियों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु यीशु मसीह का संदेश त्याग, शांति, प्रेम एवं करूणा का है। यह संपूर्ण मानव जाति के कल्याण के लिए है।
प्रभु यीशु के संदेश को हम अपने जीवन में उतारें। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया है कि क्रिसमस का पर्व राज्यवासियों में प्रेम, सद्भाव के साथ सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आएगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि क्रिसमस का पर्व प्रभु ईसा मसीह के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। शांति और मंगलकारी भावना को संजोना, दया से पूर्ण होना ही क्रिसमस की वास्तविक भावना है। क्रिसमस का पवित्र पर्व एक दूसरे के प्रति करूणा और दया का संदेश देता है।
समस्त देशवासियों को शांति, पारस्परिक सद्भाव और भाईचारा के वातावरण में स्वावलंबी और समावेशी समाज के नवनिर्माण में योगदान देना चाहिए। डिप्टी सीएम ने इस अवसर पर सभी बिहार एवं देशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की है।