पटना। शार्प साईट आई हॉस्पिटल का उद्घाटन उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन एवं सांसद राम कृपाल यादव ने किया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त हॉस्पिटल आशियाना-दीघा रोड में स्थित है।
इस मौके पर उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार के प्रति निवेशकों का नजरिया बदला है। बिहार में खुल रहा हर नया उद्यम यह साबित करता है कि बिहार में उद्योग के लिए अच्छा माहौल बना है। आंखों के इलाज के लिए बेहतरीन सुविधाएं जो दिल्ली, मुंबई ओर अन्य शहरों में उपलब्ध हैं। वैसी सुविधाएं बिहार में भी उपलब्ध हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है। बिहार में संभावनाओं को देखते हुए निवेशक यहां आ रहे हैं। उन्होंने बिहार में बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शार्प साइट आई हॉस्पिटल प्रबंधन के प्रति आभार जताया। उन्होंने इलाज का खर्च कम रखने की अपील की। इससे बिहार के निर्धन लोगों को सस्ते में बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
शार्प साइट के चिकित्सा निदेशक सह संस्थापक डॉ समीर सूद ने कहा कि यह केंद्र पटना और आसपास के आंख मरीजों की ज़रूरतों को पूरा करेगा। हम बिहार के विभिन्न हिस्सों में शीघ्र अपनी सेवाओं को लाने का प्रयास करेंगे। डॉ कमल बी कपूर एवं दीपशिखा शर्मा ने भी अपने विचारों को रखा।