पटना। राजधानी के मौर्यलोक कॉम्प्लेक्स स्थित बिहार इम्पोरियम का शुभारंभ उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने किया। 65 लाख की लागत से बिहार इम्पोरियम का नवीनीकरण किया गया है। इम्पोरियम में बिक्री के लिए रखे गए सभी सामान बिहार में निर्मित हैं। यहां खादी, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट के उत्पाद उपलब्ध हैं।

इस मौके पर उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार के बुनकरों को प्रोत्साहित करने की कोशिश जारी है। बिहार इम्पोरियम राज्य के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे बुनकर, शिल्पकार और कलाकारों के उत्पाद को बढ़िया बाजार उपलब्ध कराएगा। इससे उनकी बिक्री बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में जहां बड़े-बड़े उद्योग लग रहे हैं, वहीं छोटे उद्यमियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।