पटना। रामनवमी पर्व पर इस बार दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के महावीर मंदिर आने का अनुमान है। अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर के बाद भारत में पटना के महावीर मंदिर में सर्वाधिक श्रद्धालु आते हैं।
मंदिर के बाहर और वीर कुंवर सिंह पार्क तक श्रद्धालु 16 बड़े स्क्रीन पर हनुमानजी और राम दरबार का दर्शन कर सकेंगे। वीर कुंवर सिंह पार्क से मंदिर तक पुरुष और महिलाओं की अलग-अलग कतार के लिए बैरिकेडिंग और पंडाल बनाए जाएंगे।
पंडाल में पंखा और लाइट एवं जगह-जगह पानी और शरबत की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती रहेगी। गर्मी को देखते हुए रामनवमी के दिन महावीर मंदिर के गर्भ गृह के समीप वाले स्थान पर चार एसी लगेंगे।
महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि दो वर्षों के अवरोध के बाद रामनवमी पर्व पर महावीर मंदिर की ओर से कई प्रबंध किए जा रहे हैं। रामनवमी (10 अप्रैल) की पूर्व रात्रि दो बजे ही महावीर मंदिर का पट खुल जाएगा। आरती के बाद श्रद्धालु प्रसाद चढ़ा सकेंगे।
रामनवमी की प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा को लेकर पटना जिला पुलिस-प्रशासन के तमाम वरीय अधिकारी महावीर मंदिर पहुंचे। डीएम चंद्रशेखर सिंह ने दो वर्षों के कोरोना बंदी के बाद इस बार रामनवमी में अधिक भीड़ का आकलन करते हुए तैयारियों के निर्देश दिए।
एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा कि मंदिर पहुंचने में श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कोतवाली थाना प्रभारी को मंदिर प्रबंधन के साथ समन्वय बनाकर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, अपर नगर आयुक्त शीला ईरानी, सिटी एसपी मध्य अमरीश राहुल, ट्रैफिक एसपी अनिल कुमार, सदर एसडीओ नवीन कुमार, एडीएम विधि-व्यवस्था के के सिंह एवं सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे ।