मुख्य समाचार

स्वास्थ्य मंत्री ने किया रोटरी आई हॉस्पिटल का उद्घाटन

पटना। महावीर वात्सल्य अस्पताल भवन में रोटरी पाटलिपुत्र क्लब के सहयोग से बने आई हॉस्पिटल का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने किया। इस मौके पर रोटरी 3250 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रतीम बनर्जी और पटना हाईकोर्ट के पूर्व जस्टिस पी.के.सिन्हा भी मौजूद रहेे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि महावीर मंदिर न्यास से संचालित अस्पताल मानव सेवा के कार्य कर रहे हैं। नर सेवा-नारायण सेवा की उक्ति को न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने चरितार्थ किया है।

महावीर वात्सल्य अस्पताल की चौथी मंजिल पर बने आई हॉस्पिटल को देखने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यहां इलाज और शल्य क्रिया के लिए बेहतर उपकरण उपलब्ध हैं। डे केयर के लिए छह बेड का वार्ड भी है। महावीर अस्पतालों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां कम खर्च में इलाज की सुविधा है। इसका सबसे ज्यादा लाभ गरीबों को मिलता है।

आचार्य किशोर कुणाल ने कहा कि महावीर अस्पतालों में पैसा होने, कम होने अथवा नहीं होने पर भी इलाज किया जाता है। उन्होंने समय से पहले जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं के इलाज में बिहार सरकार की ओर से आर्थिक सहायता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को बचाने में लाखों रुपए खर्च होते हैं। ऐसे नवजात शिशुओं को महीनों अस्पताल में रखकर इलाज होता है। यदि मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना में नवजात शिशुओं का इलाज भी जुड़ जाए तो, गरीब परिवार के बच्चों को बहुत राहत मिलेगी।

प्रतीम बनर्जी ने महावीर अस्पतालों की सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब जल्द ही इंडियन कैंसर सोसाइटी के साथ मिलकर कैंसर जागरूकता और जांच कार्यक्रम चलाएगा। रोटरी ग्लोबल ग्रांट के चेयरमैन विपिन चाचान ने कहा कि भविष्य में भी रोटरी क्लब महावीर अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास में अपना भरपूर सहयोग देगा।  

इस अवसर पर रोटरी पाटलिपुत्र के अध्यक्ष जेपी तोदी, नवीन गुप्ता, मनीष तिवारी, विराट रामायण मंदिर के निदेशक पूर्व जिला जज विशेश्वरनाथ मिश्रा, महावीर वात्सल्य अस्पताल के निदेशक डॉ एस. एन. सिन्हा, अपर निदेशक डॉ लखींद्र प्रसाद, डॉ डी. के. रमण, महावीर कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ सान्याल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ एलबी सिंह, पद्म श्री विमल जैन, डॉ हिमांशु राय, डॉ अभिषेक गोलवारा एवं डॉ विनय रंजन मौजूद थे ।

 

 

 


संबंधित खबरें