पटना/नई दिल्ली। जीएसटी काउंसिल के मनमाना रवैये के खिलाफ कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने 26 जुलाई से देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। आंदोलन की शुरुआत बिहार एवं भोपाल से होगी। कैट की मांग है कि जीएसटी कर प्रणाली की नए सिरे से समीक्षा कर कानून एवं नियमों को सरल एवं तार्किक बनाया जाए ।
कारोबारियों का कहना है कि जीएसटी काउंसिल बिना व्यापारियों से परामर्श किए जीएसटी के मूल कानून एवं नियमों में लगातार बदलाव कर रहा है। इससे जहां जीएसटी क़ानून का स्वरूप विकृत हुआ है, वहीं दूसरी ओर कर प्रणाली सरल होने के बजाय बेहद जटिल हो गई है। इस कारण देश भर के व्यापारियों में असंतोष एवं आक्रोश है।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल एवं बिहार प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि 26 जुलाई से शुरू हो रहे राष्ट्रीय आंदोलन में देश के पचास हजार से अधिक व्यापारिक संगठन भाग लेंगे। व्यापारियों का अपने राज्य में सघन आंदोलन होगा और बड़ी रैलियां होंगी। सितंबर में दिल्ली में एक बड़ी राष्ट्रीय रैली होगी ।