मुख्य समाचार

राज्यपाल ने क्षेत्रीय इतिहास के पुनर्लेखन पर दिया जोर

पटना। सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने भारतीय इतिहास के पुनर्लेखन एवं अवलोकन पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि इतिहास के कई तथ्यों पर आजतक ठोस एवं सकारात्मक शोधकार्य नहीं हुआ है। खासकर क्षेत्रीय इतिहास के संबंध में यह जरूरी है।

राज्यपाल ने दरभंगा महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह पर आधारित एक किताब के विमोचन के दौरान उक्त बातें कहीं। किताब का लेखन इतिहासकार डॉ जटाशंकर झा एवं संपादन विजय देव झा ने किया है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रायः हमें अपने क्षेत्र के इतिहास की सही जानकारी नहीं रहती है। हम अपने राज्य की उन विभूतियों के बारे में अनभिज्ञ रहते हैं, जिन्होंने भारत के सामाजिक-राजनीतिक आंदोलनों में अपना योगदान दिया है। इतिहास में उनकी चर्चा नहीं होने के कारण वह भुला दिए जाते हैं।

महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह के योगदान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह ने कांग्रेस की स्थापना से लेकर, भारतीयों के राजनीतिक एवं संवैधानिक अधिकार की लड़ाई लड़ी। महात्मा गांधी जब नेटाल (दक्षिण अफ्रीका) में भारतीयों के अधिकार की लड़ाई लड़ रहे थे, उस समय महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह ने महात्मा गांधी को अपना समर्थन दिया। साथ ही विभिन्न रूप से मदद भी पहुंचायी।

पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में संपादक विजय देव झा, साहित्यकार एवं महाराजा लक्ष्मीश्वर सिंह स्मारक समिति के सदस्य डॉ इंद्रकांत झा, इतिहासकार तेजकर झा एवं भवनाथ झा, राकेश झा, संतोष कुमार, उज्ज्वल कुमार, वीरेंद्र यादव, अरुण कुमार मिश्र, अमित कुमार मिश्र एवं गोपाल चौधरी उपस्थित रहे।

 


संबंधित खबरें