मुख्य समाचार

आईटीआर दाखिल करने का एक दिन में बना नया रिकॉर्ड

नई दिल्ली। आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल करने का एक दिन में नया रिकॉर्ड बना है। 31 जुलाई, 2022 को 72.42 लाख से अधिक आईटीआर दाखिल किए गए। इसने 31 जुलाई, 2019 को बने अधिकतम 49 लाख रिटर्न के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। सिर्फ जुलाई, 2022 में ही 5.13 करोड़ से अधिक आईटीआर दाखिल किए गए हैं।

वित्तीय वर्ष 21-21 (निर्धारण वर्ष 22-23) के लिए 31 जुलाई तक दाखिल आईटीआर की संख्या लगभग 5.83 करोड़ है। 5.83 करोड़ आईटीआर में 50 प्रतिशत आईटीआर-1, 11.5 प्रतिशत आईटीआर-2, 10.9 प्रतिशत आईटीआर-3, 26 प्रतिशत आईटीआर-4 एवं शेष आईटीआर 5 से 7 हैं।

निर्धारण वर्ष 22-23 के लिए 22 जुलाई तक लगभग 2.48 करोड़ आईटीआर दाखिल किए गए थे। सरकार की अंतिम तिथि नहीं बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद रिटर्न दाखिल करने की गति में तेजी आई।

आयकर विभाग ने करदाताओं और कर-व्यवस्था से जुड़े पेशेवरों के प्रति आभार व्यक्त किया है। विभाग का कहना है कि इनकी वजह से आयकर रिटर्न दाखिल करने की संख्या में वृद्धि हुई है और एक दिन में रिटर्न दाखिल करने का नया रिकॉर्ड बना है।

बड़ी संख्या में करदाताओं ने वार्षिक सूचना विवरण (एआईएस) और करदाता सूचना सारांश (टीआईएस) से अपनी आय के आंकड़ों का आंकलन किया है। 5.03 करोड़ से अधिक करदाताओं ने अपने एआईएस को देखा है।

इस साल आईटीआर-1 के लिए डेटा का एक बड़ा हिस्सा पहले से ही वेतन, ब्याज और लाभांश आय से भरा हुआ था। इससे करदाताओं को सुविधा हुई। आईटीआर 2, 3, 4 के लिए इस डेटा के अलावा किराये से होने वाली आय, आगे की हानि एवं एमएटी क्रेडिट भी पहले से भरे हुए थे।

 


संबंधित खबरें