मुख्य समाचार

19 अगस्त को इस्कॉन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

पटना। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन 19 एवं 20 अगस्त को इस्कॉन कर रहा है। इस्कॉन मंदिर हॉल, बुद्धमार्ग में ही भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रसिद्ध उद्योगपति एल.एन.पोद्दार करेंगे। देश एवं विदेशों से श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होंगे। अर्जमन चौधरी के निर्देशन में बंगाली परंपरागत गौड़ नृत्य सहित भगवान की लीलाओं पर आधारित भव्य नृत्य नाटिका पेश की जाएगी।

इस्कॉन पटना के अध्यक्ष कृष्ण कृपा दास ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जीव का भगवान के साथ संबंध स्थापित करने का महोत्सव है। जीव भगवान की कृपा को भूले नहीं। इसलिए भगवान समय-समय पर अपने परिकरों को भेजते हैं। कभी-कभी स्वयं भी आ जाते हैं। इस्कॉन विश्व में जीव जागरण के लिए यह महोत्सव का आयोजन करता है। श्रद्धालुओं को महाभिषेक के विलक्षण दृश्य का अवलोकन कर जीवन सार्थक करना चाहिए।  

इस्कॉन पटना के प्रवक्ता नंद गोपाल दास ने महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी।

19 अगस्त (प्रातः 7 बजे से मध्य रात्रि 12 बजे तक ) : सुमधुर नाम संकीर्तन, भव्य आरती, गौड़ नृत्य सहित भगवान की लीलाओं की प्रस्तुति, 151 चांदी कलश एवं दक्षिणायण शंख से अभिषेक, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव माहात्म्य, महाप्रसाद वितरण।

20 अगस्त ( दोपहर 12 से 2 बजे) : इस्कॉन के संस्थापक ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद का आविर्भाव महोत्सव, महाभिषेक, प्रभुपाद यशोगान, आरती, माल्यार्पण एवं महाप्रसाद।

 

 


संबंधित खबरें