मुख्य समाचार

गांधी मैदान में पांच अक्टूबर की दोपहर तक प्रवेश पर रोक

पटना। गांधी मैदान तीन अक्टूबर से पांच अक्टूबर की दोपहर तक आमलोगों के लिए बंद रहेगा। श्री कृष्ण स्मारक विकास समिति से जारी आदेश के अनुसार रावण बध कार्यक्रम के मद्दनेजर रोक लगाई गई है। डीएम सह समिति के सीईओ डॉ चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि गांधी मैदान में रावण वध कार्यक्रम वृहद स्तर पर मनाया जाता है।

सुरक्षा एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से तीन अक्टूबर से पांच अक्टूबर की दोपहर तक मैदान बंद रहेगा। पांच अक्टूबर की दोपहर के बाद इसे आमलोगों के लिए खोल दिया जाएगा। गांधी मैदान का संचालन एवं रखरखाव श्री कृष्ण स्मारक विकास समिति के जिम्मे है। पटना प्रमंडल के आयुक्त एवं आईजी ने भी गांधी मैदान की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। 

इधर, दुर्गापूजा पर विधि-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए एसके मेमोरियल हॉल में प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी हुई। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा कि विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करें। सभी पदाधिकारियों को इसके लिए सजग रहना होगा। किसी भी तरह की संदेहास्पद सूचना जिला नियंत्रण कक्ष एवं आपात नंबर 112 पर शीघ्र दें। जिले के 509 जगहों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

पटना सदर अनुमंडल में 107 जगहों पर, पटना सिटी अनुमंडल में 62, दानापुर अनुमंडल में 59, बाढ़ अनुमंडल में 139, मसौढ़ी अनुमंडल में 87 एवं पालीगंज अनुमंडल में 55 जगहों पर पदाधिकारी तैनात रहेंगे।

 

 


संबंधित खबरें