पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टीमर से दानापुर के नासरीगंज से पटना सिटी के गायघाट तक गंगा घाटों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घाटों की सफाई एवं सुरक्षा के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखें। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों का निर्माण करें ताकि अर्घ्य देने में कोई परेशानी न हो। गंगा नदी के जलस्तर एवं प्रवाह को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें। घाटों के पहुंच पथ एवं गंगा नदी के किनारे की सड़कों के पास भी छठ व्रतियों के सुचारू आवागमन के लिए बैरिकेडिंग कराएं।
सड़क मार्ग से लौटने के क्रम में मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ पर रुककर घाटों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।