मुख्य समाचार

13 पटाखा कारोबारी एवं दो ट्रांसपोर्टरों पर स्टेट जीएसटी की कार्रवाई

पटना। राज्य के विभिन्न जिलों में पटाखा व्यवसायियों के 13 प्रतिष्ठानों पर राज्य कर विभाग (वाणिज्य-कर ) की टीम ने छापेमारी की। डेटा एनालिटिक्स के आधार पर इन व्यवसायियों की पहचान हुई है। पटना, भागलपुर, दरभंगा, औरंगाबाद, गया, सासाराम, रक्सौल, किशनगंज, शाहाबाद एवं गोपालगंज में एक-एक और मुजफ्फरपुर में तीन प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

अधिकारियों ने लगभग पांच करोड़ रुपए के सामान को जब्त किया। दो करोड़ रुपए की बिक्री छिपाई गई और कई लेखा पुस्तिका पेश नहीं कर सके। इसके अलावा टीम ने पटना में दो ट्रांसपोर्ट के गोदामों की भी जांच की। कई दिनों से इन गोदामों पर नज़र रखी जा रही थी।

दोनों जगहों पर जीएसटी से संबंधित घोर अनियमितताएं मिलीं। इन गोदामों में भारी मात्रा में पटाखों के साथ अन्य सामान भी मिले हैं। इनके यहां लगभग एक करोड़ से अधिक मूल्य के पटाखे ज़ब्त किए गए। ट्रांसपोर्टरों के यहां अनिबंधित डीलर्स से कारोबार के भी साक्ष्य मिले हैं।

राज्य कर आयुक्त डॉ प्रतिमा ने बताया कि निरीक्षण के क्रम में मिली अनियमितताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कर अपवंचना में संलिप्त ट्रांसपोर्टरों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 


संबंधित खबरें