मुख्य समाचार

हरियाली बढ़ाने के लिए सीबीडीटी की हरित आयकर पहल

नई दिल्ली। भारत सरकार के महीने भर चले विशेष स्वच्छता अभियान में आयकर विभाग उत्साह के साथ शामिल हुआ। 31 अक्टूबर, 2022 को समाप्त हुए विशेष अभियान के अवसर पर आयकर विभाग ने हरित आयकर पहल का शुभारंभ किया। विभाग ने आयकर भवन, अन्य सार्वजनिक क्षेत्र एवं आसपास पेड़ लगाकर हरित आवरण बढ़ाने का संकल्प लिया।

हरित आयकर पहल के तहत इस तरह के पहले सूक्ष्म वनों का उद्घाटन सीबीडीटी के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने किया। भारत-पाकिस्तान सीमा पर पंजाब के अटारी में सूक्ष्म वनों की एक श्रृंखला शुरू की गई। इस मौके पर सीबीडीटी की सदस्य संगीता सिंह भी मौजूद रहीं।

सीबीडीटी अध्यक्ष ने विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों से 31 अक्टूबर, 2023 को समाप्त होने वाले हरित आयकर उद्देश्य को प्राप्त करने की दिशा में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए विभाग अपने कार्यक्रमों में गमलों में लगे पौधों या किसी फूल के साथ गणमान्य लोगों का स्वागत करने का सिलसिला जारी रखेगा।

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने विशेष स्वच्छता अभियान दो चरणों में आयोजित किया था। पहला चरण 14 सितंबर, 2022 से 30 सितंबर, 2022 तक और दूसरा चरण 2 अक्टूबर, 2022 से 31 अक्टूबर, 2022 तक आयोजित किया गया।

 


संबंधित खबरें