मुख्य समाचार

राजगीर के शीतलकुंड गुरुद्वारा में सीएम ने मत्था टेका

राजगीर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर के शीतलकुंड गुरुद्वारा में मत्था टेककर राज्य की समृद्धि की कामना की। गुरुनानक देव जी के 554वें प्रकाश पर्व का आयोजन शीतलकुंड गुरुद्वारा में किया गया है। उन्होंने शीतलकुंड गुरुद्वारा परिसर में नवनिर्मित गुरुनानक अतिथिशाला का भी उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर एक पौराणिक जगह है। यह कई धर्मों का स्थल है। गुरु नानक देव अपनी उदासी यात्रा के दौरान राजगीर भी आए थे। राजगीर का गर्म कुंड प्रसिद्ध है। लोगों ने गुरु नानक देव से आग्रह किया कि यहां पर एक शीतल कुंड भी होना चाहिए। ऐसा कहा जाता है कि उन्होंने अपने पैर से वहां की जमीन को दबाया और शीतल कुंड बन गया। राजगीर में गुरुनानक अतिथिशाला के निर्माण होने से श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। सिख श्रद्धालु पटना साहिब के साथ राजगीर भी आते हैं।

कार्यक्रम में गुरुनानक निष्काम सेवा जत्था, बर्मिंघम (यूके) के मोहिंदर सिंह, तख्त श्री हरिमंदिर पटना साहिब के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोढ़ी, महासचिव सरदार इंदरजीत सिंह, सचिव सरदार हरबंश सिंह, लखविंदर सिंह, गोविंद सिंह लोगोंवाल, गुरविंदर सिंह, मोहिंदर पाल सिंह ढिल्लो एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें