मुख्य समाचार

आयकर विभाग की कार्रवाई में दो करोड़ कैश बरामद

पटना/रांची। आयकर विभाग ने झारखंड के दो विधायक और उनके सहयोगी के कई ठिकानों पर तलाशी के दौरान दो करोड़ रुपए से अधिक कैश बरामद किया है। अब तक की तलाशी में एक सौ करोड़ रुपए से अधिक के बिना हिसाब वाले लेनदेन और निवेश की जानकारी मिली है। सोलह बैंक लॉकरों पर रोक लगा दी गई है।

आयकर विभाग का सर्च अभियान चार नवंबर से जारी है। रांची, पटना, गोड्डा, बेरमो, दुमका, जमशेदपुर, चाईबासा, गुरुग्राम और कोलकाता स्थित पचास से अधिक परिसरों की तलाशी ली गई। विधायकों के साथ कोयला, परिवहन, लौह अयस्क खनन और स्पंज आयरन के कारोबार से जुड़े कुछ व्यावसायिक समूहों की तलाशी एवं जब्ती कार्रवाई की गई।

तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। इनसे यह प्रारंभिक संकेत मिलता है कि इन समूहों ने टैक्स चोरी के विभिन्न तरीकों का सहारा लिया है। इनमें खर्च को बढ़ाकर दिखाना, नकद में लोन का लेनदेन एवं भुगतान शामिल है।

समूह ने अचल संपत्ति में बड़ा निवेश किया गया है। सिविल ठेके का कार्य कर रहा एक समूह नियमित खातों का रखरखाव नहीं कर रहा था। अनुबंध को हासिल करने के लिए नगद में अनुचित भुगतान किया गया है।

कोयला व्यापार एवं लौह अयस्क के काम में लगे दूसरे समूह के मामले में अधिक कीमत के लौह अयस्क का बिना हिसाब वाला स्टॉक पाया गया है। इसकी मात्रा अभी निर्धारित नहीं की जा सकी है। इस समूह ने मुखौटा कंपनियों के माध्यम से लेन-देन का जाल बिछाकर बिना हिसाब वाले धन को असुरक्षित ऋण और शेयर पूंजी में निवेश किया है।

 


संबंधित खबरें