पटना। बिहार इलेक्ट्रिक ट्रेड एक्सपो का आयोजन छह से नौ जनवरी तक न्यू पटना क्लब में होगा। एक्सपो में बिजली का सामान बनाने वाली देश की सभी कंपनियों के स्टॉल रहेंगे। इससे कंपनी एवं बिहार के कारोबारियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर रू-ब-रू होने का मौका मिलेगा। एक्सपो आम उपभोक्ताओं के लिए भी खुला रहेगा।

एक्सपो की तैयारियों को लेकर बिहार इलेक्ट्रिक ट्रेडर्स एसोसिएशन की बैठक होटल राजस्थान में हुई। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
एक्सपो के अध्यक्ष युवा व्यवसायी विशाल अग्रवाल ने बताया कि देश की बड़ी कंपनियों ने हर तरह से सहयोग का आश्वासन दिया है। यह एक्सपो अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा। सचिव प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि पचास कंपनियों के स्टॉल लगेंगे। पूरे बिहार से करीब आठ हजार बिजली दुकानदार, बिल्डर, स्थानीय निर्माता, इंजीनियर एवं आर्किटेक्ट एक्सपो में शामिल होंगे।
