मुख्य समाचार

मैथिली बनीं खादी की ब्रांड एंबेसडर

प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर को बिहार खादी, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट्स का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। खादी मॉल में ब्रांड एंबेसडर बनने संबंधित पत्र सौंपे जाने के बाद मैथिली ठाकुर ने कहा कि मेरी जिम्मेवारी अब बढ़ गई है।

युवाओं को बिहार की खादी एवं हैंडीक्राफ्ट्स से जोड़ने की मेरी पूरी कोशिश होगी। मॉल के सभी प्रोडक्ट बेहतर हैं। मैं खुद भी यहां से खरीदारी करूंगी। खादी मॉल में बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद उन्होंने बापू के प्रिय भजन को भी गाया। उद्योग मंत्री समीर महासेठ एवं बिहार खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष संदीप पौंड्रिक ने मैथिली ठाकुर को बधाई दी है।   

इस मौके पर बिहार खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ दिलीप कुमार ने कहा कि युवाओं को खादी से जोड़ने के लिए कई योजनाएं बन रहीं हैं। मैथिली ठाकुर के ब्रांड एंबेसडर बनने से खादी, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट्स क्षेत्र से जुड़े बुनकर एवं कारीगरों को लाभ होगा।

उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान के निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि किसी प्रोडक्ट को आगे बढ़ाने में मार्केटिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। ब्रांड एंबेसडर मैथिली ठाकुर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार करेंगी। वे नई दिल्ली स्थित बिहार अंबापाली एंपोरियम, पटना स्थित मॉल, उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान, बिहार एंपोरियम और हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट हाट का दौरा करती रहेंगी।

 

 


संबंधित खबरें