पटना। महाराणा प्रताप समाज के हर तबके को साथ लेकर चलते थे। उन्होंने जो कार्य किए, जो आदर्श स्थापित किया। उसे छपवा कर हर घर तक पहुंचा दें ताकि नई पीढ़ी उनके बारे में जान सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिलर हाई स्कूल में आयोजित महाराणा प्रताप स्मृति समारोह में ये बातें कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप की भूमिका को भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने वीरता की विशिष्ट छाप छोड़ी। राजस्थान के मेवाड़ रियासत में जन्म लेने वाले महाराणा प्रताप समाज के सभी तबके के उत्थान के लिए सोचते थे। समाज का हर वर्ग भी उनसे जुड़ा हुआ था।
जैन धर्म को माननेवाले भामाशाह ने उन्हें काफी मदद की थी। महाराणा प्रताप महिलाओं के हित के बारे में भी सोचते थे। हमलोग भी महाराणा प्रताप के आदर्श को लागू करते रहे हैं। सभी आपस में मिल जुलकर भाईचारा के साथ रहें। समाज एकजुट रहेगा तो राज्य और देश आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह, सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह, राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, लेशी सिंह, संजय कुमार झा, अशोक चौधरी एवं सुमित कुमार सिंह, विधान पार्षद संजय सिंह और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर सांसद कविता सिंह एवं चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, विधायक धीरेंद्र कुमार सिंह, एमएलसी महेश्वर कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह एवं ललन सर्राफ, पूर्व सांसद मीना सिंह, पूर्व विधायक मंजीत सिंह, अरविंद कुमार सिंह, ओमप्रकाश सेतु समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य मौजूद रहे।