मुख्य समाचार

राज्य के 31 जिम प्रतिष्ठानों पर स्टेट जीएसटी की कार्रवाई

पटना। स्टेट जीएसटी की टीम ने राज्य के 31 जिम प्रतिष्ठानों के सर्वे में बड़ी गड़बड़ी पकड़ी। पटना में 17, भागलपुर में तीन, दरभंगा, मुजफ्फरपुर एवं गया में दो-दो, कटिहार, बिहारशरीफ, पूर्णिया, सासाराम एवं नवादा में एक-एक जिम का सर्वेक्षण किया गया। ये ऐसे प्रतिष्ठान थे, जिन्होंने अच्छे टर्न ओवर के बावजूद निबंधन नहीं कराया था। कई निबंधन लेकर सही टैक्स का भुगतान नहीं कर रहे थे। सर्वे में विभाग के 96 पदाधिकारियों को लगाया गया था।

वाणिज्य-कर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि सर्विस सेक्टर पर विभाग की कड़ी नजर है। जिम प्रतिष्ठानों से पहले कोचिंग संस्थान, बैंक्वेट हॉल एवं रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों पर कार्रवाई हुई थी। विभाग टैक्स राशि का आंकलन कर उन्हें नोटिस जारी करेगा।

वाणिज्य-कर मंत्री ने सर्विस सेक्टर से जुड़े सभी कारोबारियों से अपील की है कि वे अपना निबंधन करा कर नियमित रूप से सही टैक्स का भुगतान करें। इस राशि से राज्य में विकास की योजनाएं चलती हैं।

उन्होंने बताया कि करदाताओं की पहचान करने के लिए पदाधिकारियों के बीच अब क्षेत्र का विभाजन कर दिया गया है। इससे संबंधित अधिकारी वहां के व्यापार एवं सेवा क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे।

 


संबंधित खबरें