मुख्य समाचार

दिल्ली से साइकिल पर सवार होकर जत्था पहुंचा तख्त साहिब

पटना। दिल्ली से कुलविंदर सिंह के नेतृत्व में साइकिल के जरिये 25 लोगों का जत्था तख्त पटना साहिब पहुंचा। तख्त पटना साहिब कमिटी के महासचिव इंद्रजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं धर्म प्रचार चेयरमैन लखविंद्र सिंह लक्खा समेत कई सदस्यों ने उनका स्वागत किया। तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने जत्थे को सिरोपा भेंट किया।

तख्त पटना साहिब कमिटी के मीडिया प्रभारी सुदीप सिंह ने बताया कि दिल्ली के गुरुद्वारा मोती बाग साहिब से 18 फरवरी को एक जत्था तख्त पटना साहिब के लिए रवाना हुआ था। तख्त साहिब दर्शन करने के बाद सभी बाल लीला गुरुद्वारा के लिए रवाना हुए। उनके रहने का प्रबंध बाल लीला गुरुद्वारा साहिब में बाबा गुरविंदर सिंह भूरी वाले ने किया।

जत्थे को दिल्ली से बलदीप सिंह, मंजीत सिंह, हरमनजीत सिंह,हरनेक सिंह ने सहयोग देकर रवाना किया। रास्ते में उन्हें कई कठिनाइयां भी आईं। मेरठ के नजदीक उनके एक साथी चोटिल भी हुए पर बाकी सदस्यों ने हिम्मत नहीं हारी और पांच दिन में साइकिल से तख्त पटना साहिब पहुंच गए।

 


संबंधित खबरें