मुख्य समाचार

30 मार्च को रामनवमी, तैयारी में जुटा प्रशासन

पटना। रामनवमी पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं विधि-व्यवस्था नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है। पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर परिसर में डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी राजीव मिश्रा ने महावीर मंदिर के सचिव आचार्य किशोर कुणाल के साथ बैठक की।  

शोभा यात्रा अभिनंदन एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए डीएम एवं एसएसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए सभी प्रशासनिक व्यवस्था की जाएगी। यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी पदाधिकारी सजग रहेंगे। पटना जंक्शन के समीप मेट्रो का काम चल रहा है। रामनवमी पर्व के पहले विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया जाएगा।

सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्ति किए जाएंगे। महावीर मंदिर में दर्शन के लिए पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार होगी। मेडिकल कैंप एवं मे आई हेल्प यू काउंटर रहेगा। वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी से हर गतिविधियों की निगरानी होगी। वाटर एटीएम एवं वाटर टैंकर की व्यवस्था रहेगी। चलंत शौचालय की भी व्यवस्था की जाएगी।

आचार्य किशोर कुणाल ने कहा कि इस वर्ष भी प्रशासन एवं महावीर स्थान न्यास समिति के समन्वय से रामनवमी सफलतापूर्वक संपन्न होगा। पटना नगर निगम के आयुक्त अनिमेष पराशर ने बताया कि सफाई एवं रौशनी की पूरी व्यवस्था रहेगी। इसके लिए हमारी टीम 24 घंटे सक्रिय रहेगी।

 

 


संबंधित खबरें