नई दिल्ली। आयकर विभाग ने करदाताओं की सुविधा के लिए वार्षिक सूचना विवरण (एआईएस) एवं करदाता सूचना सारांश (टीआईएस) में उपलब्ध जानकारी देखने के लिए एआईएस फॉर टैक्सपेयर नाम से एक मोबाइल ऐप शुरू किया है।
एआईएस फॉर टैक्सपेयर निःशुल्क मोबाइल एप्लिकेशन है। यह मोबाइल एप्लिकेशन गूगल प्ले और ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। इस ऐप का उद्देश्य करदाता को एआईएस एवं टीआईएस का विस्तृत विवरण देना है। यह करदाता से संबंधित विभिन्न स्रोतों से एकत्रित जानकारी को प्रदर्शित करता है।
करदाता इस मोबाइल ऐप का उपयोग एआईएस एवं टीआईएस में उपलब्ध अपने टीडीएस या टीसीएस, ब्याज, लाभांश, शेयर लेनदेन, कर भुगतान, आयकर रिफंड एवं जीएसटी डेटा से संबंधित जानकारी देखने के लिए कर सकते हैं। ऐप में करदाताओं के लिए प्रदर्शित जानकारी पर प्रतिक्रिया देने की सुविधा भी उपलब्ध है।
इस मोबाइल ऐप का उपयोग करने के लिए करदाता को अपना पैन नंबर डालकर ऐप पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। साथ ही मोबाइल नंबर पर भेजे गए ओटीपी एवं ई-फाइलिंग पोर्टल पर पंजीकृत ई-मेल से प्रमाणित करना होगा।