मुख्य समाचार

हर आदमी स्वयं को चतुर, दूसरे को मूर्ख समझता है

पटना। रामानुज संप्रदाय के स्वामी लक्ष्मण दास ने कहा कि इस दुनिया की सबसे बड़ी समस्या है कि यहां हर आदमी अपने आपको समझदार और चतुर समझता है और दूसरे को मूर्ख। हर आदमी एक-दूसरे को समझाने में लगा हुआ है। तुम ऐसा करो, तुम्हें ऐसा नहीं करना चाहिए।

यह सब अज्ञान की अवस्थाएं हैं, ज्ञानी की नहीं। ज्ञानी की सबसे बड़ी विशेषता है कि वह बिन पूछे किसी को सलाह नहीं देगा, वह मौन रहता है। वह अपनी मस्ती में रहता है। वह जब भी प्रयास करेगा, अपने सुधार के लिए ही करेगा। दूसरों को अपनी बात मानने के लिए बाध्य करना सबसे बड़ी अज्ञानता है।

गांधी मैदान में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान स्वामी लक्ष्मण दास ने भागवत महात्म्य एवं शुकदेव आगमन का प्रसंग सुनाया। इसे सुन श्रद्धालु भाव भिभोर हो उठें। उन्होंने कहा कि संपूर्ण ज्ञान का एक मात्र उद्देश्य स्वयं का निर्माण करना है। बिना आत्म सुधार के समाज सुधार संभव नहीं है।

26 अप्रैल की सुबह छह बजे से दस बजे तक दैनिक पूजन एवं महालक्ष्मी यज्ञ होगा। इसके बाद कपिल अवतार एवं ध्रुव चरित्र का वर्णन होगा। श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन में विधायक नितिन नवीन, डॉ आरएन सिंह, मेयर सीता साहू, कमल नोपानी, शिशिर कुमार, मनोरंजन सिंह एवं धर्मेंद्र नारायण सिंह शामिल हैं।

 


संबंधित खबरें