बुद्ध पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में अमन चैन एवं समृद्धि की कामना की। भगवान बुद्ध की 2567वीं जयंती पर बुद्ध स्मृति पार्क में मुख्यमंत्री ने भगवान बुद्ध एवं बोधिवृक्ष की पूजा की। पार्क स्थित पाटलिपुत्र करुणा स्तूप में भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थि की परिक्रमा और ध्यान भी किया। बौद्ध भिक्षुओं के साथ बैठकर उन्होंने विश्व शांति के लिए मंगलकामना की।

बुद्ध स्मृति पार्क स्थित विपश्यना केंद्र में मुख्यमंत्री ने सारी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और ध्यान किया। विपश्यना केंद्र के संचालकों ने केंद्र के निर्माण एवं सुविधाओं के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बोध गया टेंपल मैनेजमेंट कमिटी की सदस्य श्वेता महारथी, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, संजय कुमार झा एवं अशोक चौधरी और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।