राजगीर के ब्रह्मकुंड परिसर में राजकीय राजगीर मलमास मेला का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। मुख्यमंत्री ने मेला के उद्घाटन से पहले सप्तधारा ब्रह्मकुंड में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा की। ब्रह्मकुंड के पास स्थित महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में मुख्यमंत्री ने ध्वज की परिक्रमा भी की।
महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में राजगृह तपोवन तीर्थ रक्षार्थ पंडा समिति ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में पंडा समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार उपाध्याय एवं सचिव विकास उपाध्याय भी मौजूद रहे। पंडा समिति के प्रवक्ता सुनील उपाध्याय ने फलाहारी बाबा परमहंस स्वामी चिदात्मन महाराज का संदेश पढ़ा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कि ऐसी मान्यता है कि मलमास के दौरान यहां 33 करोड़ देवी-देवता वास करते हैं। इस कारण राजगीर नगरी को बहुत पवित्र माना जाता है। मलमास मेले को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए सफाई, पेयजल एवं आवागमन समेत सभी सुविधाओं का ख्याल रखा गया है। राजगीर में सभी धर्म एवं संप्रदाय से जुड़े विशिष्ट स्थलों को विकसित किया गया है।
