इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से शत-प्रतिशत टैक्स का भुगतान एवं सेकेंड हेंड कार बिक्री करने वाले बिहार के 37 कारोबारियों के विरुद्ध वाणिज्य-कर विभाग (स्टेट जीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई की है। वैसे 27 व्यवसायियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी, जो अपने टैक्स का शत-प्रतिशत भुगतान इनपुट टैक्स क्रेडिट से कर रहे हैं।
सेकेंड हेंड कार की बिक्री करने वाले वैसे 10 व्यवसायियों पर कार्रवाई की गयी, जो बिना निबंधन के व्यवसाय कर रहे हैं या उन्होंने अपना निबंधन कैंसिल करा लिया है या निबंधन लेकर समुचित कर का भुगतान नहीं कर रहे हैं।
विभाग ने इस अभियान के अंतर्गत पटना में दस, भागलपुर, छपरा एवं गया में दो-दो एवं पूर्णियां, मुंगेर, जमुई, गोपालगंज, भोजपुर, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, सहरसा, पश्चिमी एवं पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, रोहतास, कैमूर, अररिया, सुपौल, मधेपुरा, नवादा एवं समस्तीपुर में एक-एक व्यवसायियों पर कार्रवाई की है।

विभाग की आयुक्त सह सचिव डॉ प्रतिमा ने बताया कि टैक्स का शत-प्रतिशत भुगतान आईटीसी से करने के 12 मामलों में लगभग 14 करोड़ राशि की बिक्री छिपाने का मामला पाया गया। शेष मामलों में निरीक्षण के दौरान सही साक्ष्य पेश नही करने के कारण 15.12 करोड़ राशि के सामान को जब्त कर लिया गया। सेकेंड हेंड कार की बिक्री करने के पांच मामलों में लगभग 30 करोड़ राशि की बिक्री छिपाई गई। शेष मामलों में 1.51 करोड़ राशि के सामान को जब्त किया गया है।
आयुक्त ने कहा कि वैसे व्यवसायी जो अपना निबंधन कैंसिल कराने के बाद भी व्यवसाय कर रहे हैं या निबंधन लेकर सही टैक्स का भुगतान नहीं कर रहे हैं या निबंधन योग्य व्यवसायी अनिबंधित रूप में व्यवसाय कर रहे हैं, पर विभाग की पैनी नजर है। उन्होंने करदाताओं से नियमित रूप से सही टैक्स का भुगतान करने की अपील की है।