स्टेट जीएसटी ने टैक्स का सही भुगतान नहीं करने पर राज्य के 20 कारोबारियों पर कार्रवाई की है। इनमें 12 वैसे व्यवसायी हैं, जो विगत वर्षों से अपने कर दायित्व का शत-प्रतिशत भुगतान इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से करते आ रहे हैं। इनका संव्यवहार संदिग्ध पाया गया।
रेस्टोरेंट एवं वेयरहाउसिंग सेक्टर से जुड़े आठ व्यवसायियों पर कार्रवाई हुई है। ये अपने टैक्स का सही भुगतान नहीं कर रहे थे।
वाणिज्य कर विभाग ने इस अभियान के अंतर्गत पटना जिला में नौ, पूर्णिया, बेतिया एवं मुजफ्फरपुर जिले में दो-दो, मधुबनी, जहानाबाद, दरभंगा, औरंगाबाद एवं बक्सर जिला में एक-एक व्यवसायियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इसके लिए विभाग ने 23 संयुक्त दल का गठन किया था। इनमें 73 पदाधिकारी शामिल थे।
तीन मामलों में 3.73 करोड़ राशि की बिक्री छिपाने एवं एक में बीस लाख का गलत आईटीसी का दावा करने का मामला सामने आया है। चार मामलों में 96 लाख राशि का सामान जब्त किया गया।
विभागीय आयुक्त डॉ प्रतिमा ने बताया कि कर दायित्व का भुगतान नियमित रूप से नहीं करने वाले व्यवसायियों की पहचान कर कार्रवाई की गयी है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। आयुक्त ने सभी करदाताओं से नियमित रूप से विधिनुसार समुचित कर भुगतान करने की अपील की है।