मुख्य समाचार

अंगदान के लिए लोगों को करें जागरूक : राज्यपाल

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि अंगदान एवं देहदान की परंपरा हमारी संस्कृति में प्राचीनकाल से है। दधीचि और शिवि जैसे महापुरुष इसके उदाहरण रहे हैं। हमें अंगदान एवं देहदान के बारे में लोगों को जागरूक करना चाहिए। 

राज्यपाल पहले भारतीय एवं नौवें अंतरराष्ट्रीय अंगदान दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। दधीचि देहदान समिति ने विद्यापति भवन में कार्यक्रम को आयोजन किया था।

राज्यपाल ने दधीचि देहदान समिति, बिहार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह काम पूरे समाज के लिए है। समिति ने हमारे समक्ष एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। हम सबकी यह जिम्मेदारी है कि ऐसे कार्यों में अपना सहयोग दें।

कार्यक्रम को सिक्किम के पूर्व राज्यपाल एवं दधीचि देहदान समिति के अध्यक्ष गंगा प्रसाद, समिति के मुख्य संरक्षक सुशील कुमार मोदी, डोनेट लाइफ के संस्थापक नीलेश मंडेलवाला, सोटो के चेयरमेन डॉ मनीष मंडल एवं रूबन मेमोरियल अस्पताल के डॉ सत्यजीत सिन्हा ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर समिति के महासचिव पद्मश्री बिमल जैन, उपाध्यक्ष डॉ सुभाष प्रसाद, डॉ ओम कुमार, डॉ अवनीश कुमार, डॉ प्रदीप कारक, डॉ आसिफ शाहनवाज, डॉ सुधीर कुमार, डॉ सचिन, डॉ अभिषेक एवं कई चिकित्सक मौजूद रहे।
 


संबंधित खबरें