मुख्य समाचार

सीएम ने पितृपक्ष मेला की तैयारियों का लिया जायजा 

पितृपक्ष मेला की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गया पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। इस वर्ष पितृपक्ष मेला 28 सितंबर से 14 अक्टूबर तक है।    

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर मलमास मेले में इस वर्ष तीन करोड़ से अधिक श्रद्धालु आए। उम्मीद है कि गया में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए। पितृपक्ष मेले में देश एवं विदेशों से बड़ी संख्या में तीर्थयात्री अपने पूर्वजों का पिंडदान और तर्पण करने गया की मोक्ष भूमि पर आते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गया देश और दुनिया के लिए ऐतिहासिक और पौराणिक स्थल है। गया शहर को “गयाजी” के नाम से भी संबोधित करते हैं। गया को विभिन्न शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी दी गई है ताकि लोगों को यहां आने में सहूलियत हो।

पटना जिले के पुनपुन में भी पिंडदानियों के लिए सभी व्यवस्था रखने का मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव, राज्य सरकार के कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।  
 


संबंधित खबरें