तख्त पटना साहिब प्रबंधक कमेटी ने सभी संगत के सहयोग से गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाशपर्व श्रद्धापूर्वक मनाया। गायघाट गुरुद्वारा में गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश पर्व मनाने के लिए दो दिनों से अखंड पाठ जारी था। कविंदर सिंह, जोगिंदर एवं सरबजीत सिंह ने संगतों को कीर्तन एवं ज्ञानी दलजीत सिंह ने गुरु इतिहास की कथा सुनाई।

तख्त पटना साहिब कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब केवल सिखों के ही नहीं बल्कि पूरी मानवता के गुरु हैं। इसमें सिख गुरु के साथ कबीर, रविदास एवं धन्ना सहित कई हिंदु एवं मुस्लिम संतों की वाणी दर्ज है। गुरु गोविंद सिंह जी ने गुरु ग्रंथ साहिब को गुरु का दर्जा दिया। इस मौके पर तख्त पटना साहिब कमेटी के सचिव हरवंस सिंह, मीडिया प्रभारी सुदीप सिंह, अधीक्षक दलजीत सिंह एवं महाकांत राय भी मौजूद रहे।