मुख्य समाचार

टीबी मुक्त बिहार बनाने में सहयोग करे मारवाड़ी समाज

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मारवाड़ी समाज से आग्रह किया है कि वे टीबी मुक्त बिहार बनाने में सहयोग करे। संभव हो तो एक टीबी मरीज को गोद लें और छह महीने तक उसकी निगरानी करें। बिहार में एक लाख दस हजार मरीज टीबी से ग्रसित हैं। उन्हें सहारे की जरूरत है। राज्यपाल मारवाड़ी हेल्थ सोसाइटी के दसवें वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे। 

राज्यपाल ने कहा कि हर काम सरकार नहीं कर सकती है। उसकी कुछ बाध्यताएं हैं, लेकिन सामाजिक संगठनों की बाध्यताएं नहीं हैं। मारवाड़ी समाज के चिकित्सक अपनी योग्यता के अनुसार समाज की सेवा कर रहे हैं। यह प्रशंसनीय है। इस मौके पर राज्यपाल ने डॉ श्रवण कुमार, डॉ शशि मोहनका सहित कई चिकित्सकों को सम्मानित भी किया।

मारवाड़ी हेल्थ सोसाइटी के अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कहा कि जब हम एक बीज लगाते हैं तो उसे हम धीरे-धीरे बढ़ता देखते हैं। बाद में वह एक विशाल वृक्ष बन कर हमें प्रेरणा एवं उत्साह देता है। 

मारवाड़ी हेल्थ सोसाइटी का बीजारोपण हमारे मार्गदर्शक महावीर अग्रवाल, हनुमान सहाय गोयल और समिति के सदस्यों ने किया था। आज दस वर्षों में ही सोसाइटी ने एक पल्लवित वृक्ष का रूप ले लिया है। उन्होंने समारोह में उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे इस पवित्र कार्य में सहयोग करें। 

कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार किशोरपुरिया ने कहा कि वे 101 टीबी मरीजों को गोद लेकर अपनी सेवा दे रहे हैं। इस मौके पर पद्मश्री डॉ आर एन सिंह, संस्थापक अध्यक्ष महावीर अग्रवाल, सचिव पुरुषोत्तम अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष सुजीत सिंघानिया सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें