गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक खादी एवं खादी से बने वस्त्रों पर पचास प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इस अवसर पर बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड बिहार खादी उत्सव का भी आयोजन कर रहा है। इसके तहत ऑनलाइन क्विज एवं ऑफलाइन पेंटिंग प्रतियोगिता तथा विचार गोष्ठी की जाएगी।
बिहार खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ दिलीप कुमार ने बताया कि बिहार खादी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी विषय पर 11 बजे से विचार गोष्ठी होगी। गोष्ठी में वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री डॉ उषा किरण खान, वरिष्ठ चिकित्सक पद्मश्री डॉ जितेंद्र कुमार सिंह और 52 बूटी कला के वरिष्ठ कलाकार कपिल देव प्रसाद शामिल होंगे।
बिहार खादी की ब्रांड एंबेसडर मैथिली ठाकुर को भी आमंत्रित किया गया है। ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के तहत बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सभी सोशल मीडिया साइट पर लगातार दस दिन प्रश्न पूछे गए। सबसे अधिक सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को दो अक्टूबर को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके अलावा खादी मॉल भवन के पांचवें तल्ले पर स्कूली बच्चों के लिए ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता होगी। इसे दो वर्गों में बांटा गया है। जूनियर वर्ग में कक्षा पांच से नौ तक के बच्चे एवं सीनियर वर्ग में कक्षा दस से बारह तक के बच्चे शामिल होंगे।
पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले प्रतिभागी को पांच हजार, द्वितीय को तीन हजार एवं तृतीय पुरस्कार पाने वाले को एक हजार का इनाम दिया जाएगा। दोनों वर्गों में 10-10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के तहत प्रमाणपत्र और गिफ्ट हैंपर दिया जाएगा।