स्टेट जीएसटी (वाणिज्य-कर विभाग) ने राज्य के 21 पटाखा व्यवसायियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इन व्यवसायियों ने पटाखा की खरीद लाखों-करोड़ों में की, लेकिन रिटर्न में काफी कम बिक्री दिखाई।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार दो मामलों में 89.4 लाख राशि की बिक्री छिपाई गई। 14 मामलों में 8.57 करोड़ का सामान जब्त किया गया। एक व्यवसायी ने तीन लाख टैक्स का भुगतान किया है।
विभाग ने इस अभियान के अंतर्गत कटिहार एवं मुजफ्फरपुर में तीन-तीन, दरभंगा, गया, पटना, सिवान एवं पूर्णिया जिले में दो-दो, भागलपुर, नालंदा, भोजपुर, सहरसा एवं वैशाली जिले में एक-एक व्यवसायियों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके लिए 27 संयुक्त दल का गठन किया गया। इसमें 81 पदाधिकारी शामिल थे।
राज्य कर आयुक्त डॉ प्रतिमा ने बताया कि टैक्स में गड़बड़ी करने वाले व्यवसायियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने करदाताओं से नियमित रूप से सही कर का भुगतान करने की अपील की है।
