मुख्य समाचार

मैं प्यासा हूं, मुझे श्याम सुधा पी लेने दो 

महाराणा प्रताप भवन में खाटू श्याम भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। मां वैष्णव देवी सेवा समिति, श्याम मंदिर न्यू बहादुरपुर, श्री श्याम मंडल पटना, श्री खाटू श्याम सेना एवं निशान सेवा पटना के सानिध्य में कार्यक्रम हुआ। 

खाटू श्याम दरबार में बड़ी संख्या में श्याम भक्त मौजूद थे। दरबार की सजावट श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। कोलकाता के प्रसिद्द भजन गायक श्याम अग्रवाल, लव अग्रवाल, नितेश शर्मा, साईं राहुल, शिवम पंसारी, पवन सर्राफ, पटना के शुभम शर्मा एवं अन्य भजन गायकों के भजन से पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ था। 

गायक श्याम अग्रवाल के गीत “श्याम आने में जो देर लगाओगे, इतना समझ लो हारे हुए को और हराओगे” “नैया भंवर में जिसकी ओ तुम्हे ढूंढता है, तेरी गली का पता पूछता है” जिनको मिला सहारा, उनको ये बतलाना है, हारा हुआ जो भी मिल जाए उसका साथ निभाना है”। इन गीतों को सुनते ही महाराणा प्रताप परिसर में मौजूद श्रद्धालु झूमने लगे।

गायक नितेश शर्मा ने खाटू श्याम प्रभु की स्तुति में एक से बढ़कर एक भजन गाये। “मैं श्याम रिझाने आया हूं, मुझे जग को रिझा के लिए क्या करना, जो उसको बताने आया हूं, उसे जग को बता के क्या करना”, “चढ़ते सूरज को दुनियां में सब करते यहां प्रणाम, डूबने वाले को जो थामे वो है खाटू वाला श्याम”। 

कार्यक्रम के आयोजन में मां वैष्णव देवी सेवा समिति के सचिव कन्हैया अग्रवाल, मुकेश हिसारिया, कमलेश सिंह, शेखर बागड़िया, सज्जन चौधरी, नरेश अग्रवाल, अरविंद सर्राफ, सतीश अग्रवाल, उमेश कुमार, महेश शर्मा, ऋषभ अग्रवाल, संकेत अग्रवाल एवं केशव अग्रवाल सहित कई लोगों ने मुख्य भूमिका निभाई ।


 

 


संबंधित खबरें