श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट का 12 अक्टूबर को पटना के गांधी मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम होगा। इस वर्ष रावण 80 फीट, कुंभकर्ण 75 एवं मेघनाथ 70 फीट ऊंचाई का बना है। 12 अक्टूबर की शाम पांच बजे रावण वध कार्यक्रम होगा। इसे पटना और दूर से आये लगभग दो लाख लोग देख सकेंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, जल संसाधन मंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह भी मौजूद रहेंगे।
रावण वध के दिन चार बजे नागाबाबा ठाकुरबाड़ी से श्री राम, लक्ष्मण, हनुमान, जामवंत, सुग्रीव की वानर सेना के साथ शोभायात्रा निकलेगी। यह पटना के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मैदान शाम लगभग पांच बजे पहुंचेगी।
शोभायात्रा गांधी मैदान आने के बाद तीन बार परिक्रमा करेगी। हनुमानजी अशोक वाटिका से सीताजी को मुक्त कराकर लंका दहन करेंगे। इसके बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ का वध होगा।
लंका दहन के अगले दिन 13 अक्टूबर को नागाबाबा ठाकुरबाड़ी में श्रीराम का राजतिलक और भरत मिलाप होगा।
दशहरा कमिटी ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण कुमार ने यह जानकारी दी। इस मौके पर चेयरमैन कमल नोपानी, संयोजक मुकेश नंदन, सह संयोजक राकेश कुमार, प्रिंस कुमार राजू, आशु गुप्ता, डॉ धनंजय कुमार, राजेश बजाज, सुजय सौरभ, राकेश मल्होत्रा मौजूद रहे।