मुख्य समाचार

पीएम मोदी ने बिहार को बाढ़ से राहत दिलाने का दिया भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दरभंगा से बिहार के लिए 12,100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें स्वास्थ्य, रेल, सड़क, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस क्षेत्र शामिल हैं। दरभंगा एम्स निर्माण के लिए 1260 करोड़ राशि स्वीकृत की गई है। 

इस अवसर पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहे। 

प्रधानमंत्री ने एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार कोसी और मिथिला में हर वर्ष आने वाली बाढ़ से राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। बिहार में बाढ़ से निपटने के लिए बजट में एक व्यापक योजना की घोषणा की गई है। 

उन्होंने भरोसा दिलाया कि नेपाल के सहयोग से बाढ़ की समस्या का समाधान खोज लिया जाएगा। इससे जुड़े 11,000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य जारी है।

बिहार में सुशासन का मॉडल विकसित करने के लिए पीएम ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बिहार में तीव्र गति से विकास के लिए प्रतिबद्ध है। छोटे किसान और उद्योगों को मज़बूत करने की योजना पर काम हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने लोकगायिका शारदा सिन्हा और दरभंगा महाराज कामेश्वर सिंह को श्रद्धांजलि दी। 

उन्होंने कहा कि दरभंगा में एम्स के सपने को साकार करने के लिए आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा। नेपाल और पश्चिम बंगाल के मरीजों को भी सुविधा मिलेगी। इन परियोजनाओं से रोजगार के नये अवसर भी पैदा होंगे। 

नरेंद्र मोदी ने योग, आयुर्वेद, पोषण और फिट इंडिया अभियान पर सरकार की सोच की चर्चा की। उन्होंने जंक फूड और खराब जीवनशैली को आम बीमारियों का मुख्य कारण बताया। 

आयुष्मान भारत योजना की चर्चा करते हुए कहा कि अब तक चार करोड़ से अधिक मरीजों का इलाज हुआ है। इस योजना के दायरे में 70 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों को भी शामिल कर लिया गया है। 

प्रधानमंत्री ने मातृभाषा में उच्च शिक्षा देने का जिक्र करते हुए कहा कि यह कर्पूरी ठाकुर जी के सपनों के प्रति सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है। मुजफ्फरपुर में बन रहे कैंसर अस्पताल से बिहार के कैंसर मरीजों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बिहार में शीघ्र एक नये नेत्र अस्पताल खोलने की घोषणा की। 

पीएम ने बताया कि बिहार के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 25,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है। मखाना उत्पादकों की प्रगति के लिए मखाना अनुसंधान केंद्र को राष्ट्रीय संस्थान का दर्जा दिया गया है। मखाना को जीआई टैग भी मिला है। सरकार का लक्ष्य भारत को दुनिया में एक बड़े मछली निर्यातक देश के रूप में विकसित करना है।

रामायण सर्किट की चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि दरभंगा देश के उन 12 शहरों में से एक है, जो इससे जुड़ा है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। दरभंगा-सीतामढ़ी-अयोध्या रूट पर अमृत भारत ट्रेन से लोगों को काफी लाभ हुआ है।
 


संबंधित खबरें