किसानों को कृषि विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए बिहार कृषि मोबाइल ऐप का लोकार्पण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। ऐप से खेती, किसान पास बुक, पौधा संरक्षण, फसलों के बाजार मूल्य, मिट्टी की जांच एवं मौसम की जानकारी भी किसानों को उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हित में चार कृषि रोड मैप बनाए गए हैं। इससे फसलों का उत्पादन बढ़ा है। कृषि क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। हमलोगों का उद्देश्य है कि कृषि के क्षेत्र में भी राज्य की तरक्की हो और किसान समृद्ध बने।
सीएम ने कृषि भवन परिसर में पौधारोपण और खरीफ महाभियान 2025 का शुभारंभ भी किया। उन्होंने खरीफ महाभियान 2025 से संबंधित 20 प्रचार वाहन एवं बीज वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिलों के लिए रवाना किया। प्रचार वाहनों से किसानों को खेती की नई जानकारी, विभाग की योजनाएं और तकनीकी मार्गदर्शन मिलेगा।
रिमोट के माध्यम से उन्होंने 144.72 करोड़ की लागत से आरा कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय और 55.26 करोड़ से 62 अनुमंडल स्तरीय कृषि भवनों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही 315 नवनियुक्त प्रखंड उद्यान पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कृषि भवन स्थित कॉल सेंटर की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि कृषि भवन की छत पर सोलर प्लेट लगाएं। इससे सौर ऊर्जा का उत्पादन होगा और कृषि भवन की जरूरत पूरी होगी।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी और जयंत राज, पूर्व कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, बीएयू सबौर के कुलपति डॉ डी आर सिंह, सीएम के प्रधान सचिव डॉ एस. सिद्धार्थ, कृषि सचिव संजय कुमार अग्रवाल, भवन निर्माण सचिव कुमार रवि, विशेष सचिव वीरेंद्र प्रसाद यादव मौजूद रहे।