बिहार की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जिलों में पूरी तरह चौकस रहने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि में उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों के सभी महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति और सामान पर कड़ी नजर रखें।
मुख्यमंत्री 10 मई को पूर्णिया में सीमावर्ती जिलों के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। एक अणे मार्ग में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने कई निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी डीएम और एसपी अपने-अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थान और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सर्तक रहें। सोशल मीडिया और अन्य हैंडल के माध्यम से फर्जी खबर और अफवाहों को पूरी सख्ती से रोकें। आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। भारतीय सेना के साहस और पराक्रम पर हमें गर्व है।
मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा और डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गयी है। स्वास्थ्य विभाग और कानून व्यवस्था से जुड़े सभी कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है।