बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का निधन सोमवार को मुंबई में हो गया। 90 वर्षीय धर्मेंद्र ने अपने घर पर अंतिम सांस ली। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार विले पार्ले में हुआ।
बड़े बेटे सनी देओल ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के मौके पर परिवार के सदस्य एवं कई अभिनेता मौजूद रहे। दिग्गज अभिनेता के फैंस और फिल्म जगत ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई हस्तियों ने निधन पर शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत बताया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र एक प्रतिष्ठित फिल्मी हस्ती और अद्भुत अभिनेता थे। उन्होंने अपनी हर भूमिका से लोगों को आकर्षित किया। विविध किरदारों को निभाने की उनकी कला ने कई पीढ़ियों के अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी जाने जाते थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि धर्मेंद्र प्रसिद्ध अभिनेता थे। वे लोकसभा के सदस्य भी रहेे। उन्हें 2012 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनके निधन से फिल्म जगत में अपूरणीय क्षति हुई है।