स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने अपने जन्मदिन की शुरुआत महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी थे।निशांत ने भोलेनाथ का रुद्राभिषेक भी किया।

यह संयोग रहा कि निशांत का जन्मदिन और उनके संसदीय जीवन का पहला दिन एक साथ था। विधान परिषद में प्रवेश के साथ ही सभापति अवधेश नारायण सिंह ने पूरे सदन की ओर से उन्हें जन्मदिन और संसदीय जीवन के पहले दिन की शुभकामनाएं दी।
सत्ता पक्ष और विपक्ष ने भी उन्हें बधाई दी। सदस्यों ने उनकी सादगी, सहजता और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।

विधान परिषद में अपने पहले संबोधन में निशांत ने कहा कि हमें ‘न्याय के साथ विकास’ के संकल्प को याद रखना है। इस पर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने 20 वर्षों तक काम किया। अब इस संकल्प को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरी निष्ठा और मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं। पिछले 20 वर्षों में बिहार कई मामलों में देश और दुनिया के सामने उदाहरण बनकर आया। हमें इस सिलसिले को कायम रखना है।