मुख्य समाचार

जमुई पहुंचे सीएम, इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स की जानकारी ली

जमुई जिले में निर्माणाधीन औद्योगिक परियोजनाओं का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जायजा लिया। जमुई जिले के चकाई में अंकुर बायोकेम (एथेनॉल प्लांट), अंकुर स्टील, सीएलएम डेवलपर्स और अंकुर ट्रेडविस्टा प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से लगभग 3400 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। इन परियोजनाओं से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लगभग 10 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकेगा।

चकाई में औद्योगिक क्षेत्र के लिए लगभग 9000 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। 5000 एकड़ वन विभाग और 4000 एकड़ जमीन रैयत एवं अन्य श्रेणी की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार को उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। चकाई में बड़ा एथेनॉल प्लांट बन रहा है। इससे मार्च 2027 तक उत्पादन शुरू हो जाएगा। यह परियोजना एशिया के बड़े ग्रेन बेस्ड एथेनॉल प्लांट्स में से एक है। 

एथेनॉल प्लांट 105 एकड़ जमीन पर विकसित हो रहा है। प्रतिदिन लगभग 10 लाख लीटर एथेनॉल का उत्पादन होगा। 20 मेगावाट कैप्टिव पावर जेनरेशन की सुविधा भी होगी। इससे प्लांट ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। संयंत्र को प्रतिदिन लगभग 30000 क्विंटल अनाज की जरूरत होगी। इससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध होगा। 

सीएम ने लछुआर मंदिर एवं गरही डैम को पर्यटकों के लिए विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। 

इस दौरान अंकुर बायोकेम प्राइवेट लिमिटेड के सीएमडी महेंद्र शर्मा, निदेशक विशाल शर्मा, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव, डीजीपी एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।  
 


संबंधित खबरें