मुख्य समाचार

बिहार : मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभुकों को मिली राशि

बिहार मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के 7000 लाभुकों के बैंक खातों में राशि पहुंच गई। इनमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए चयनित 4800 नए लाभुक भी हैं। इन्हें योजना की पहली किस्त और पूर्व में चयनित 2200 से अधिक लाभार्थियों को दूसरी एवं तीसरी किस्त की राशि दी गई।

पटना के बापू सभागार में आयोजित राशि वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बिहार के एक करोड़ परिवार को उद्यमी बनाना है। राज्य सरकार इसके लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। हमारा प्रयास है कि बिहार का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने। इसके लिए सरकार वित्तीय सहायता के साथ बाजार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। 

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह : बिहार में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार एक इकोसिस्टम तैयार कर रही है। इसमें वित्तीय सहायता के साथ प्रशिक्षण, बाजार और संस्थागत सहयोग उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना ने बिहार के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया है। अब हमारा लक्ष्य इन उद्यमों को टिकाऊ और प्रतिस्पर्धी बनाना है। 

उद्योग सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि हमारा प्रयास है कि कोई भी लाभुक केवल वित्तीय सहायता प्राप्त करने तक सीमित न रहे, बल्कि वह सफलतापूर्वक अपना उद्यम स्थापित करे और उसे आगे बढ़ाए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में एमएसएमई केंद्रों का उद्घाटन किया। साथ ही बिहार एमएसएमई नीति, मुख्यमंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग क्लस्टर विकास योजना, सूक्ष्म एवं लघु उद्यम सुविधा परिषद नियमावली से संबंधित बुकलेट का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद, एससी-एसटी कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रोशन ने भी संबोधित किया।
 


संबंधित खबरें