पटना । विदेशों में बिहार से निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सूबे में विदेश व्यापार कार्यालय खुलेगा। उद्योग मि़त्र कार्यालय में इसके लिए जगह उपलब्ध करायी गयी है। जानकारी उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डाॅ एस. सिद्धार्थ ने दी। वह निर्यात बंधु कार्यशाला को संबोधित कर रह थे। कार्यशाला का आयोजन काॅमर्स मंत्रालय के तहत संचालित विदेश व्यापार के लिए संयुक्त महानिदेशालय कार्यालय और भारतीय निर्यात संघों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। डाॅ सिद्धार्थ ने बताया कि राज्य की अपनी निर्यात नीति के लिए पहल शुरू कर दी गयी है। निर्यात को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत संरचना के विकास का निर्णय लिया गया है। उद्योग संघों से बिहार में निर्यात से जुड़े व्यापार की स्थिति व संभावनाओं की रिपोर्ट मांगी गयी है।