नयी दिल्ली,एजेंसी। संकट में फंसी रियल एस्टेट कंपनी आम्रपाली ग्रुप नोएडा व ग्रेटर नोएडा में 30,000 से अधिक मकानों को पूरा करने के लिए अपने पास पड़ी जमीन से धन जुटाने पर विचार कर रही है। साथ ही उसकी सहयोगी डेवलपरों को शामिल करने की भी योजना है। कंपनी के प्रबंध निदेशक अनिल शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने अपने ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि फर्म के प्रवर्तक देश से भाग नहीं रहे हैं और कंपनी सभी परियोजनाओं को पूरा करने की मंशा रखती है। उल्लेखनीय है कि ऐसी रिपोर्ट आ रही हैं कि कंपनी दिवालिया होगी ओर इसके प्रवर्तक देश छोड़ने की जुगत में हैं। कंपनी की परियोजनाओं में लगातार देरी के विरोध में इसके ग्राहकों का विरोध प्रदर्शन चल रहा है।